फिरोजाबाद। थाना रजावली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मोहम्मदी में एक 25 वर्षीय युवक ने नीम के पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन (25) शनिवार रात खाना खाकर सोया था, लेकिन रविवार तड़के वह संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब परिजनों ने तलाश शुरू की, तो उसका शव गांव के बाहर नीम के पेड़ पर साड़ी के फंदे से झूलता मिला।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पांच भाइयों में तीसरे नंबर के अर्जुन के इस आत्मघाती कदम के पीछे प्रारंभिक तौर पर घरेलू कलह की बात सामने आ रही है। थाना प्रभारी ब्रजकिशोर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला है, फिर भी पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद