फिरेाजाबाद। विवाहिता को ससुराल में पीटा गया। मायके वाले पहुंचे तो उन पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया। मामले में विवाहिता की चाची की शिकायत पर रामगढ़ पुलिस 20 नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है।
रसूलपुर में नसीरगंज निवासी रजिया ने तहरीर दी है कि उनके देवर फकरुद्दीन की बेटी दानिस्ता की शादी इब्राहिम निवासी ताड़ो वाली बगिया बगदाद नगर, रामगढ़ के साथ जून 2020 में हुई थी। दानिस्ता के पति इब्राहिम, ससुर रंगीला उर्फ बुद्धा, सास आमना, ननद सकीना, देवरानी आसमा, देवर हसन, हुसैन, आमिर, सलमान, सोबराती, मैजुद्दीन, फखरुद्दीन आए दिन अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं। दानिस्ता ने मायके वालों को बताया तो 11 जून को सुबह दस बजे उन्हें समझाने के लिए भाई अलीशान, वारिस, साबिर गए। बातचीत कर समझाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने हमला कर दिया। फोन से सूचना पर अन्य लोग पहुंचे तो ईंट, पत्थर, डंडे, बल्ली लेकर पिटाई करने लगे। हमले में मायके पक्ष के सात लोग घायल हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।