- पुलिस ने मौके से हिरासत में लिया आरोपी पति, तीन के खिलाफ केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना उत्तर इलाके में भाई द्वारा पत्नी के नाम में की गई 12 बीघा जमीन को बिकवाने के विवाद में पति ने सिर में सिलबट्टा मारकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना की सूचना पर थाना पुलिस के अलावा एसपी सिटी व सीओ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हत्या के आरोपी पति को मौके से ही हिरासत में ले लिया है।
श्रीराम कॉलोनी निवासी अर्चना (30) की शादी 2013 में योगेश के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे एक बेटी दिव्यांशी चार वर्ष और बेटा उज्ज्वल दो वर्ष हैं। शादी के बाद अर्चना को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। साथ ही अर्चना के बड़े भाई राकेश द्वारा उसके नाम की गई 12 बीघा जमीन को बेचने का दबाव बना रहे थे लेकिन उसने मना कर दिया। बृहस्पतिवार रात को इस बात पर घर में विवाद हुआ था। विवाद के दौरान उसके पति योगेश ने सिलबट्टा मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। शोरगुल होने पर किसी ने पुलिस को हत्या की सूचना दी। एसपी सिटी रवि शंकर प्रसाद, सीओ सिटी अरुण चौरसिया थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंची जांच की।
सूचना पाकर अर्चना की ननद शिवानी मोहल्ले में स्थित बहन के घर से मौके पर आ गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने बहन के घर से आरोपी पति योगेश को पकड़ लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
इधर जानकारी मिलने पर हाथरस जिले में अगराना, सिकंदराराऊ निवासी मायके पक्ष से भाई बृजमोहन व अन्य लोग अस्पताल पहुंच गए।मृतका के भाई बृजमोहन की तहरीर पर पति योगेश, ससुर विनोद, सास बिजलेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
ननद की शादी के लिए बिकवा रहे थे जमीन
मृतका के भाई बृजमोहन ने बताया कि उसके बड़े भाई राकेश ने करीब छह साल पहले 12 बीघा जमीन अपनी बहन अर्चना के नाम की थी। जमीन नाम में होने के बाद ससुर विनोद और पति योगेश आए दिन विवाद उत्पन्न करते थे। विनोद अपनी बेटी शिवानी की शादी के लिए योगेश को भड़काकर जमीन को बेचने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि बृहस्पतिवार की रात ससुर विनोद ने घर लाकर शराब पी थी। इसी बीच योगेश को भड़काकर अर्चना की हत्या करा दी।
मायके वाले ले गए शव
बहन के मौत की खबर सुनकर बृज मोहन रिश्तेदारों के साथ शुक्रवार सुबह उत्तर थाना पहुंचे थे। पोस्टमार्टम के बाद वह अर्चना का शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए एंबुलेंस से गांव हाथरस चले गए। वहीं अर्चना के दोनों बच्चे अपनी बुआ के घर पर हैं।
उत्तर इलाके में पारिवारिक कलह में पति ने अपनी पत्नी की भारी वस्तु (सिलबट्टा) से प्रहार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को मौके से हिरासत में लिया है। मायका पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में कार्रवाई की जाएगी।
रविशंकर प्रसाद, एसपी सिटी