अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री पकड़ी, एक गिरफ्तार
तीन अधबने और कई अधबने हथियार बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के दौरान थाना रामगढ़ पुलिस ने क्राइम ब्रांच की टीम के साथ सोमवार को बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने अवैध शस्त्र फैक्टरी का भांडाफोड़ करते एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त के पास से कई अवैध असलहा और बनाने के औजार बरामद किए हैं।
थाना रामगढ पुलिस ने क्राइम ब्रांच की मदद से अवैध असलहा बनाने व बिक्री में संलिप्त राहुल निवासी संतोष नगर को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर शहीद नगर स्थित एक अधबने मकान से दो देशी तमंचा, एक पोनियां, दो कारतूस, तीन तमंचा अधबने एवं अवैध असलहा बनाने में प्रयुक्त तमाम किस्म के औजार बरामद किए गए। एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्र ने वार्ता के दौरान बताया कि गिरफ्तार किया गया अभियुक्त राहुल इससे पहले भी अवैध असलहा बनाने के आरोप में पकड़ा जा चुका है। अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली टीम में रामगढ थाना प्रभारी रवि त्यागी, अपराध निरीक्षक थाना रामगढ रामप्रवेश, एसओजी प्रभारी आलोक मिश्रा के अलावा सर्विलांस प्रभारी नितिन त्यागी शामिल रहे।