फिरोजाबाद। थाना सिरसागंज पुलिस और एसओजी टीम ने सिरसागंज के करहल रोड पर मुठभेड़ के दौरान शराब की तस्करी करने वाले गैंग के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से बीस लाख कीमत की शराब व एक गाड़ी कैंटर, ट्रैक्टर मय ट्राली, स्प्रिट की कैन सहित ही तमंचा और कारतूस बरामद किया है।
एसएसपी अजय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि एसपी देहात राजेश कुमार व सीओ सिरसागंज इंदु प्रभा सिंह के निर्देशन में थाना सिरसागंज के एसएचओ गिरीश चंद्र गौतम ,एसओजी प्रभारी कुलदीप सिंह टीम के साथ गश्त पर थे। सूचना मिली करहल रोड पर शराब को सप्लाई के लिए लाया गया है। पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। शराब तस्करों ने खुद को घिरा देखकर फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी करके मौके से आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी किए लोगों में थाना शिकोहाबाद के चितावली निवासी विवेक ओझा, बोझिया निवासी कासिम, विशाल, हरियाणा के सोनीपत खरखौंदा रोहना निवासी पार्वित, जितेंद्र व फरीदाबाद थाना सारन निकट चाचा चौक गली निवासी गौरव, दक्षिणी दिल्ली के नेवसराय दुर्गा बिहार निवासी चंदन सिंह बिष्ट को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कैंटर, एक ट्रैक्टर मय ट्रॉली, अवैध शराब बनाने में प्रयोग होने वाला स्प्रिट चार केन, मैक डबल अंग्रेजी 105 पेटी तथा इंपीरियल ब्लू अंग्रेजी 17 पेटी शराब तथा दो तमंचा, पांच कारतूस एवं दो खोखा बरामद किए हैं। एसएसपी ने कहा पुलिस टीम ने एक बड़े गिरोह का खुलासा किया है। एसएसपी ने टीम को 25 हजार पुरस्कार देने की घोषणा की।
हरियाणा, उत्तराखंड एवं यूपी में सक्रिय है गैंग
एसएसपी ने बताया कि चंदन बिष्ट मूलरूप से उत्तराखंड का निवासी है। लेकिन वह वर्तमान में दिल्ली में रहने लगा है। चंदन बिष्ट गाड़ियों की सप्लाई करने का आर्डर लेता है। हरियाणा का डीके मलिक पर स्प्रिट की डिलीवरी का जिम्मा रहता है। शिकोहाबाद के निवासी विवेक ओझा अपमिश्रित माल को स्थानीय स्तर पर खपाने का काम करता है।
क रोड़ों कमाकर राजनीति में एंट्री करना चाहता था विवेक ओझा
एसएसपी ने बताया कि विवेक ओझा कुख्यात डी-47 गिरोह के बदमाश रामू जाट व सुखवीर यादव के लिए काम करता है। विवेक ओझा इस धंधे से करोड़ों रुपया कमाने के साथ राजनीति में एंट्री की तैयारी कर रहा था।