फिरोजाबाद में विधानसभा चुनाव 2027 में बवाल, अशांति के लिए अराजक तत्व सक्रिय हो गए हैं। थाना मटसैना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अवैध शस्त्र फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से अवैध रूप से तमंचे बनाने और मरम्मत करने में शामिल दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 12 बने-अधबने तमंचे, खोखा कारतूस और शस्त्र निर्माण में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में उपकरण बरामद हुए हैं।
सीओ सदर तेजस त्रिपाठी ने बताया कि 17 नवंबर 2026 की रात्रि थाना मटसैना पुलिस व एसओजी टीम संदिग्ध व्यक्ति और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि ग्राम अगरूपुरा में करकौली पौधशाला के पास मिट्टी के टीलों के बीच अवैध रूप से शस्त्र बनाए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर मौके से चेतराम निवासी ग्राम अगरूकापुरा, थाना मटसैना और सूरज निवासी मुखिया मंदिर वाली गली, आशाबाद, थाना रसूलपुर को दबोच लिया।
पुलिस ने मौके से 12 तमंचे (6 तमंचे 12 बोर और 6 तमंचे 315 बोर, बने व अधबने), 315 बोर व 12 बोर के एक-एक खोखा कारतूस, 315 बोर की 7 लोहे की नाल, 12 बोर की 1 लोहे की नाल और तमंचा बॉडी बरामद की है। इसके अलावा शस्त्र बनाने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण व सामग्री जैसे ड्रिल मशीन, रैती, हैमर, सड़ांसी, हथौड़ी, छैनी, सुम्भा, लोहे की पत्ती, बांक, स्प्रिंग, कील-स्क्रू, रेगमाल, धौंकनी, आरी व ब्लेड, पीतल का तार, रांगा पाउडर, लोहे के टुकड़े, पेचकस, लकड़ी का कोयला और बैठने की पटरी भी कब्जे में ली गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त चेतराम के खिलाफ बसई मोहम्मदपुर, लाइनपार और मटसेना थानों में आर्म्स एक्ट, चोरी और अपहरण समेत पूर्व में कई अभियोग पंजीकृत हैं। वहीं, दूसरे अभियुक्त सूरज के विरुद्ध भी रसूलपुर थाने में पूर्व के मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना मटसैना में आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उनको जेल भेज दिया है।