थाना नारखी के गांव राजमल द्यह्य अपहृत आलू व्यापारी का छह दिन बाद भी सुराग नहीं लग सका है। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों ने मंगलवार को हंगामा किया। मामले में प्रदेश के डीजीपी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
गौरतलब है कि विगत 24 फरवरी को राजमल गांव के आलू व्यापारी रहमत अली को हथियारबंद बदमाश खेत से अपहरण कर ले गए थे। पुलिस को सूचना देने के बावजूद पुलिस तीन घंटे देरी से मौके पर पहुंची। इससे परिजनों में आक्रोश फैल गया। परिवारीजनों एवं ग्रामीणों ने टूंडला-एटा रोड को जाम कर दिया था। इसके बाद आला अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिवारीजनों ने जाम खोला। हालांकि छह दिन बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा है। इसको लेकर रहमत अली के परिजनों ने घर के सामने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। रहमत अली के बड़े भाई शहंशाह का कहना है कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। इसके चलते उनके भाई की अभी तक बरामदगी नहीं हो सकी है। उनका कहना है कि वह शीघ्र ही मामले को लेकर प्रदेश के डीजीपी से मुलाकात करेंगे।
फोटो-टूंडला के गांव राजमल में हंगामा करते अपहृत रहमतअली के परिजन