जर्जर हालत में पहुंच चुके जिला पंचायत के डाक बंगले और सिरसागंज पशु चिकित्सालय का जल्द ही कायाकल्प होगा। सब कुछ ठीक रहा तो इन दोनों भवनों में शापिंग कांप्लेक्स और होटल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जिला पंचायत अध्यक्ष ने एडीएम, विधायक समेत अन्य अधिकारियों के साथ मुआयना कर निर्माण पर चर्चा की। इसके बाद जिला पंचायत ने निर्माण को हरी झंडी भी दे दी।
सोमवार को जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह यादव छोटू ने जिला पंचायत के जर्जर पड़े भवनों के कायाकल्प पर अधिकारियों के साथ मंथन किया। विजय प्रताप सिंह यादव ने कहा कि जिला पंचायत में आय के स्त्रोत बढ़ाने की जरूरत है। राजस्व बढ़ेगा तो विकास भी होगा। इसके लिए जर्जर और अनुपयोगी भवनों को उपयोग में लाया जाए। शिकोहाबाद और सिरसागंज में शॉपिंग कांपलेक्स एवं होटल निर्माण पर मंथन किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि शिकोहाबाद के स्टेशन रोड पर करीब 40 साल पुराने जिला पंचायत का डाकबंगला अब खंडहर हो चुका है, वहीं सिरसागंज का पशु चिकित्सालय भी जर्जर है। अब करोड़ों रुपये की लागत से आधुनिक सुविधायुक्त शॉपिंग कांपलेक्स और होटल बनाया जाएगा। सिरसागंज विधायक हरिओम यादव ने कहा कि सुदूर क्षेत्रों में शापिंग कांप्लेक्स बनने से स्थानीय लोगों को एक स्थान पर बड़े बाजार की सुविधा मिलेगी। इस दौरान एडीएम कमेंद्र सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट रविंद्र सिंह, क्षेत्रीय विधायक हरीओम यादव, शिकोहाबाद चेयरमैन राम प्रकाश, अपर मुख्य अधिकारी, उपजिलाधिकारी शिकोहाबाद चंद्रभानु सिंह, लेखपाल, कानूनगो की टीम के अलावा स्थानीय लोग और नेता मौजूद रहे।