यूपी में अब दोपहिया पर पीछे बैठने वालों के लिए भी हेलमेट अनिवार्य कर दिया है। लेकिन सुहाग नगरी में दोपहिया पर पीछे बैठने वालों को तो छोड़ें खुद वाहन चलाने वाले हेलमेट नहीं पहनते। पुलिस की आंखों के सामने से दोपहिया वाहन पर चार से पांच लोग बिना हेलमेट लगाए निकल जाते हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। यूं कहें यहां पुलिस हेलमेट के नियम का पालन करा ही नहीं पा रही है। चेकिंग के दौरान पुलिस को बिना हेलमेट के बाइक चलाते दो या तीन ही लोग मिलते हैं। जबकि कागज और बिना नंबर प्लेट की बाइकों की संख्या 50 से 60 के बीच होती है।
अभी नया नियम लागू नहीं हुआ है लेकिन वाहन चालक के लिए हेलमेट अनिवार्य है इस पुराने नियम का भी शुक्रवार को कहीं पालन होता नहीं दिखा। सुभाष तिराहे पर पुलिस की मौजूदगी में लोग जहां यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे, वहीं एक बाइक पर तीन से पांच व्यक्ति सवार थे। बाइक पर पीछे बैठे युवक द्वारा हेलमेट का प्रयोग करना तो दूर की बात 90 फीसदी बाइक चालकों के पास हेलमेट नहीं था।
हेलमेट होता तो बचने की थी गुंजाइश
- गुरुवार रात सिरसागंज के गांव बहादुरपुर के समीप बाइक के पेड़ से टकराने से युवती सहित दंपति की मौत हो गई थी। हादसे के दौरान न तो युवक हेलमेट पहने था और न उसकी साली और पत्नी। यदि हेलमेट होता तो शायद तीनों की जान बच सकती थी।
- मक्खनपुर के पाइनियर चौराहा के समीप ट्रैक्टर सवार ने दो बाइक पर सवार पांच लोगों को रौंद दिया था। मरने वालों में पिता पुत्रों के साथ एक वृद्ध शामिल था। इसमें से एक भी व्यक्ति हेलमेट नहीं पहने था। पांचों लोगों की मौत का कारण सिर में चोट लगना बताया गया था।
- लाइनपार थाना क्षेत्र के गांव गुदाऊं के समीप मार्ग पर खड़ी ट्राली से बाइक सवार तीन युवक टकरा गए थे। तीनों में से एक भी युवक हेलमेट नहीं पहने था। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। युवक लांधी धीरपुरा से दावत खाकर घर लौट रहे थे।
- जसराना के गांव नगला धन सिंह और पाढ़म के समीप ट्रक ने दो बाइक सवार चार लोगों को रौंद दिया था। चारों की मौके पर ही मौत हो गई थी। एक भी युवक हेलमेट नहीं पहने था।
कानून का पाठ पढ़ाने वाले खुद नहीं करते पालन
शुक्रवार दोपहर सुभाष तिराहा से ट्रैफिक पुलिस का एक सिपाही आसफाबाद की ओर काफी तेज गति से बाइक लेकर गुजरा। उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि जब कानून का पालन कराने वाले खुद कानून तोड़ेंगे तो आम आदमी कैसे पालन करेगा।