दिन दहाड़े बदमाशों ने स्वास्थ्य निरीक्षक के घर धावा बोल दिया। बदमाश
स्वास्थ्य निरीक्षक की पत्नी हाथ पैर बांधकर सोने चांदी के आभूषण लेकर फरार
हो गए। उनके साथ वारदात में एक युवती भी शामिल रही। पुलिस ने किराए पर
रहने वाले युवक से पूछताछ की है। घटना का खुलासा जल्द किया जाएगा।
उत्तर कोतवाली के मोहल्ला शांतिनगर निवासी दीनदयाल स्वास्थ्य विभाग में
स्वास्थ्य निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। शनिवार को घर पर उनकी पत्नी गीता
देवी, पुत्र देव और बेटी अंजली रह थे। दो बजे करीब देव और अंजली घर के बाहर
खेलने के लिए चले गए थे। तभी एक महिला के साथ दो युवक चिकित्सक के आवास पर
पहुंचे और किराए पर कमरा लेने के लिए गीता देवी से कहा। गीता देवी कमरे को
दिखाती, इससे पूर्व ही बदमाशों ने महिला के गले पर चाकू रख दिया। उनके हाथ
पैर बांध दिए। इसके बाद आभूषण और उनके पास मौजूद सात सौ रुपये लूट कर फरार
हो गए। बदमाशों के जाने के बाद गीता देवी ने शोरगुल किया तो आसपास के लोग
पहुंच गए।
सूचना पर पुलिस भी आ गई। पुलिस ने घर में किराए पर रहने वाले
टिंकू निवासी मटसेना को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। टिंकू के कमरे से
महिलाओं के कपड़े, बालों में लगाने वाली क्लिप और अन्य सामान के साथ शराब,
चाकू बरामद किया है। लोगों का आरोप है कि टिंकू की गैर मौजूदगी में उसके
दोस्त लड़कियों को लेकर आते थे। दोपहर में दो लड़कों के साथ आई नकाबपोश
युवती ने स्वास्थ्य निरीक्षक के घर में प्रवेश किया उन्हें लगा कि वह टिंकू
के पास आए होंगे। कोतवाल उत्तर का कहना है कि टिंकू को हिरासत में लेकर
पूछताछ की जा रही है।