थाना जसराना पहुंचे चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुराग व्यास।
- फोटो : FIROZABAD
एका/जसराना (फिरोजाबाद)। तहसील क्षेत्र में मंगलवार को एसीएमओ के नेतृत्व में क्लीनिक और अस्पतालों में छापामार कार्रवाई की। एका में कई डाक्टरों को नोटिस थमाए। मेडिकल स्टोर के लाइसेंस पर चल रहे अस्पताल को सील कर दिया। जसराना के नोडल अधिकारी और एसीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने डिप्टी सीएमओ डॉ. फारुख, एका सीएचसी के अधीक्षक डॉ. मनोज कटारा के साथ मुस्तफाबाद, एका में झोलाछाप के खिलाफ अभियान चलाया। मुस्तफाबाद में एक मकान में अस्पताल चल रहा था मरीजों को ड्रिप लगी थी लेकिन चिकित्सक नहीं थे। मकान मालिक मुमताज को नोटिस देते हुए दो दिन में सलमान खान से मकान खाली कराने को कहा।
दो दिन में मकान खाली न कराने पर सील करने की बात कही। वहीं एका में एक दुकान के अंदर एवं बाहर कई मरीजों को ड्रिप लगी हई थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम को देखकर चिकित्सक फरार हो गया। टीम ने मौके पर एका पुलिस को भी बुला लिया। बाद में पहुंचे अस्पताल चला रहे भगवान सिंह ने मेडिकल स्टोर का लाइसेंस दिखाया। लेकिन टीम ने दुकान में अवैध रुप से चल रहे अस्पताल को सील कर दिया। झोलाछाप की दुकानों के शटर धड़ाधड़ गिरने लगे। इससे दुकानों में काफी देर तक कुछ मरीज बंद भी रहे। एसीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि एका में मेडिकल स्टोर के लाइसेंस पर अस्पताल चल रहा था। उसे सील करने के साथ झोलाछाप को नोटिस दिया है। वहीं मुस्तफाबाद में झोलाछाप से मकान खाली कराने को कहा है।