जसराना/फिरोजाबाद। शासन के आदेश पर झोलाछापों के खिलाफ अभियान शुरू हो गया है। फरिहा में छापेमारी के दौरान झोलाछाप क्लीनिक छोड़कर भाग गए। वहीं, जसराना क्षेत्र के घिरोर रोड पर पांच क्लीनिक संचालकों पर जिला क्षय रोग अधिकारी डाॅ. ब्रजमोहन के नेतृत्व में छापेमारी की। इन क्लीनिक संचालकों को नोटिस जारी कर अभिलेख दिखाने को कहा है। अन्यथा एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी भी जारी की है।मुख्यमंत्री के आदेश के बाद जनपद की सभी तहसीलों में नोडल अधिकारी नामित किए। डिप्टी सीएमओ डाॅ. मोहम्मद फारुख, डाॅ. जीसी पालीवाल और डाॅ. रजनीकांत की संयुक्त टीम ने फरिहा में छापेमारी की। मुख्य मार्ग फरिहा पर टीम के पहुंचने की खबर से ही चरन सिंह क्लीनिक छोड़कर भाग गए। उनकी दुकान पर नोटिस चस्पा किया है। इधर, अंधपुरा रोड फरिहा में ध्रुवराज के क्लीनिक पर टीम पहुंची। क्लीनिक संचालक ने शटर गिरा लिया। जबकि मरीज दुकान में बंद थे। टीम ने क्लीनिक संचालक को फोन किया तो शटर के अंदर से मोबाइल की घंटी बजने लगी। काफी कवायद के बाद मरीजों को बाहर निकाला गया।
केआर कुशवाह के क्लीनिक पर छापेमारी की गई। यह क्लीनिक संचालक भी शटर गिराकर भाग निकले। इसी रोड पर संचालित क्लीनिक बंद पाई गई। दुकान पर नोटिस चस्पा कर दिया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी डाॅ. ब्रजमोहन और जसराना के चिकित्सा अधिकारी डाॅ. विमल उपाध्याय ने घिरोर रोड पर उपेंद्र सिंह के क्लीनिक पर छापेमारी की। यह मौके पर कोई अभिलेख नहीं दिखा सके। न ही कोई डिग्री दिखाई। टीम ने नोटिस जारी किया है। इधर, घिरोर रोड पर संचालित योगेश पैथोलॉजी पर छापा मारा। उमेश चंद्र शर्मा, मनोज कुमार शर्मा और फरिहा रोड स्थित नित्थी लाल के क्लीनिक पर छापामारा। यहां नोटिस जारी किया गया है।