फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र में शनिवार को युवक की हत्या कर शव हिम्मतपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर फेंक दिया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। बुधवार को पुलिस ने प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया। बताया कि पूछताछ में निकलकर आया कि आरोपी ने अपने दोस्त को 30 अक्तूबर को पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद उसने गोली मारकर उसकी हत्या की थी। प्रेसवार्ता के दौरान एसपी ग्रामीण अखिलेश भदौरिया ने बताया कि थाना उत्तर के ओझा नगर निवासी सतेंद्र उर्फ रानू को घर से शराब पिलाने के बहाने ले जाकर लोकेश ने रामगढ़ क्षेत्र में उसकी हत्या की थी। मृतक के बहन की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई थी। एसएसपी सौरभ दीक्षित के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तार के लिए सीओ सिटी अरुण कुमार चौरसिया के नेतृत्व में तीन पुलिस टीम गठित की गईं थीं। पुलिस टीम आरोपी को पहले से ही गिरफ्तार कर चुकी थी।
थाना प्रभारी संजीव दुबे ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि बीते 30 अक्तूबर को उसने रानू को अपनी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद से उसने दोस्त की हत्या करने की योजना बना ली थी। शनिवार को उसने अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाल ली और रानू को घर से शराब पिलाने के बहाने हिम्मतपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर ले गया। जहां उसने पहले तो रानू से गाली-गलौज हुई। इसके बाद आरोपी ने गुस्से में रिवॉल्वर निकालकर रानू को गोली मार दी। पुलिस टीम ने आरोपी के पास से रिवाल्वर को बरामद किया है।