आंधी एवं बरसात में गिरी समर की कोठरी
- फोटो : आंधी एवं बरसात में गिरी समर की कोठरी
जसराना। तहसील क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर को आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। इससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। आंधी के दौरान जगह-जगह पेड़ों के गिरने और बिजली के पोल व तार टूटने से पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। हालात यह हैं कि शनिवार शाम तक भी आधे से अधिक तहसील क्षेत्र में बिजली बहाल नहीं हो सकी है, जिससे उपभोक्ताओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
शुक्रवार दोपहर जसराना और उसके आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश और ओलों के कारण कई स्थानों पर भारी-भरकम पेड़ विद्युत लाइनों पर गिरे थे, जिससे बिजली के पोल और तार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आंधी-बारिश के कारण क्षेत्र में 125 से अधिक बिजली के पोल टूट गए हैं, जिसके चलते पाढ़म, एका और उडेसर बिजलीघरों से जुड़े क्षेत्रों की आपूर्ति पूरी तरह से बाधित है। जसराना टाउन और देहात क्षेत्र में आंशिक रूप से आपूर्ति प्रभावित हुई है।
लंबे समय से बिजली गायब रहने के कारण लोगों के घरों में पेयजल की किल्लत पैदा हो गई है। सबमर्सिबल और नलकूप न चलने से लोगों को पीने का पानी जुटाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। इसके अलावा, मोबाइल फोन चार्ज न होने से संपर्क टूटने की समस्या भी खड़ी हो गई। शनिवार सुबह करीब नौ बजे जसराना टाउन में कुछ देर के लिए बिजली आई, जिससे लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन ग्रामीण इलाकों के हालात जस के तस बने रहे। विद्युत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी टूटी लाइनों को जोड़ने और गिरे हुए पोलों को बदलने के लिए लगातार क्षेत्र में जुटे हुए हैं।