टूंडला थाने में न्याय की गुहार लगाती पीड़िता व उसकी मां
- फोटो : TUNDLA
टूडला (फिरोजाबाद)। तीन बेटियां होने पर नाखुश शौहर और ससुरालियों ने विवाहिता को घर से बेघर कर दिया। इतना ही नहीं शौहर ने भी अपनी पहली बेगम को तलाक दिए बिना दूसरा निकाह कर लिया। अब पीड़िता मुकदमा लिखाने के लिए पिछले 10 दिनों से थाना टूंडला के चक्कर लगा रही है।
फिरोजाबाद के थाना रामगढ़ तहत उर्दूनगर पानी वाली टंकी निवासी सोनी पुत्री सलीम का निकाह टूंडला के मोहल्ला टूंडली निवासी शकुरुद्दीन पुत्र लियाकत अली से विगत 25 फरवरी 2013 को हुआ था। निकाह के दौरान विवाहिता के पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार मेहर भी दी थी। निकाह के बाद सब कुछ ठीकठाक चलता रहा। सोनी ने निकाह के बाद तीन बेटियां को जन्म दिया। आरोप है कि शादी के बाद विवाहिता को तीन बेटियां होना ससुरालियों को रास नहीं आईं।
उन्होंने उसे तंग करना शुरू कर दिया। कुछ ही समय बाद शौहर और ससुरालीजनों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग के रूप में दो लाख रुपये मांगने लगे। इसके लिए जब विवाहिता ने इनकार किया तो ससुरालियों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। इस बीच पीड़िता अपने मायके में रहने लगी। एक माह में ही शौहर ने बिना उसे तलाक दिए दूसरी युवती से निकाह कर लिया। इसका विरोध जब पीड़िता ने घर आकर किया तो ससुरालियों ने उसे तेल डालकर जलाने का भी प्रयास किया।
किसी तरह से वो बचकर अपने परिवार के पास पहुंच गई। पीड़िता पिछले 10 दिनों से मुकदमा लिखाने के लिए टूंडला पुलिस के चक्कर लगा रही है। एसएसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी रामेंद्र शुक्ला का कहना है कि तहरीर आ गई है। जांच की जा रही है।