फिरोजाबाद। होली नजदीक आते ही शहर का बाजार रंगों और उत्साह से सराबोर हो गया है। इस बार लोग पुराने कपड़ों की जगह नए और थीम आधारित परिधानों में होली मनाने की तैयारी कर रहे हैं। खासकर हैप्पी होली लिखी टी-शर्ट और महिलाओं के लिए सफेद सूट की बिक्री में तेजी देखी जा रही है।
शहर की आर्चिड ग्रीन, एफएम कॉलोनी सहित कई कॉलोनियों में सामूहिक होली उत्सव आयोजित होता है। वहीं, विभिन्न सामाजिक संगठन होली उत्सव मनाते हैं। ऐसे में बाजार में रौनक दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है और व्यापारी अच्छी बिक्री की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
शहर के सदर बाजार, कोटला रोड, जलेसर रोड और स्टेशन रोड स्थित दुकानों पर होली कलेक्शन सज चुका है। बाजार में युवाओं और बच्चों के लिए रंग-बिरंगी टी-शर्ट 149 रुपये से शुरू होकर 399 रुपये तक मिल रही हैं। कुछ प्रिंटेड और कार्टून थीम वाली टी-शर्ट 499 रुपये तक उपलब्ध हैं। इन पर हैप्पी होली, बुरा न मानो होली है और रंग-बिरंगे ग्राफिक प्रिंट खास आकर्षण बने हुए हैं।
महिलाओं के लिए सफेद सूट और कुर्तियां 599 रुपये से 1500 रुपये तक की रेंज में उपलब्ध हैं। कॉटन, चिकनकारी वाले सूट की मांग अधिक है, ताकि रंग खेलने के बाद फोटो और वीडियो में बेहतर लुक आए। दुकानदारों देवेश कुमार का कहना है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने के ट्रेंड के कारण सफेद परिधानों की बिक्री बढ़ी है।
सदर बाजार के दुकानदार अमित अग्रवाल ने बताया, पहले लोग पुराने कपड़े पहनकर होली खेलते थे, लेकिन अब थीम बेस्ड होली का चलन है। कॉलोनियों में होली मिलन समारोह और मेले होते हैं, इसलिए लोग खास टी-शर्ट और ड्रेस खरीद रहे हैं। इस बार बच्चों की मैचिंग टी-शर्ट की भी अच्छी डिमांड है।
कोटला रोड के व्यापारी अमरीश ने कहा, सोशल मीडिया के कारण युवाओं में नया ड्रेस पहनकर फोटो और रील बनाने का क्रेज है। सफेद कुर्ते और सूट सबसे ज्यादा बिक रहे हैं। पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री बेहतर रहने की उम्मीद है।