हनुमान जयंती की धूम सुहागनगरी में चहुंओर नजर आई। मंदिरों में सुबह नौबत बजाने के साथ ही हवन यज्ञ आयोजित किए। हनुमान जी महाराज को स्वर्ण और रजत चोला चढ़ाया गया। आरती एवं प्रसाद का वितरण किया गया। नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। वहीं मंदिरों में शाम तक दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही।
नगर के प्रमुख हनुमान गढ़ स्थित बड़े हनुमान मंदिर पर श्री हनुमज्जयंती महोत्सव समिति के तत्वावधान में महंत पंडित जगजीवन राम मिश्र इंदौजी महाराज ने हनुमानजी महाराज का दूध, दही, गंगाजल, घृत, शक्कर से अभिषेक किया। इसके बाद हनुमान महाराज को वेद मंत्रों के साथ चोला चढ़ाया। हनुमान जी महाराज का स्वर्णमयी आभूषणों से शृंगार कर आरती उतारी गई। मंदिर के पट खुलते ही पूरा वातावरण जयकारों से गुंजायमान हो उठा। मंदिर प्रांगण में शाम को भव्य फूल बंगला सजाया गया। श्रद्धालुओं का चंदन का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसी क्रम में 23 अप्रैल को सुंदर कांड का पाठ एवं 24 अप्रैल को पूर्ण आहुति एवं ब्रह्म भोज का आयोजन होगा। जलेसर रोड स्थित काली मां मंदिर प्रांगण में हनुमान जयंती के कार्यक्रमों की शृंखला महंत मूलचंद्र शर्मा के निर्देशन में चली। हवन पूजन कर फूल बंगला सजाया गया। नगला भाऊ चौराहा स्थित हनुमान मंदिर, जलेसर रोड थाना उत्तर के करीब मंदिर प्रांगण में कार्यक्रम आयोजित किए गए। गोपाल आश्रम प्रांगण स्थित हनुमान जी महाराज की जयंती पर ही हवन यज्ञ के साथ प्रसाद का वितरण किया। प्रकाश निधि गर्ग के निर्देशन में प्रसाद बांटा। यमुना नदी के किनारे स्थित प्राचीन चिंताहरण मारुति नंदन पसीना वाले हनुमान जी महाराज के दर्शन को श्रद्धालुजनों की खासी भीड़ उमड़ी। मेलाध्यक्ष नवीन कुलश्रेष्ठ, राजू चौधरी, राजा शर्मा, किशन यादव, अशोक यादव, चंद्रशेखर गुप्ता, रवींद्र शर्मा, अवधेश यादव आदि मौजूद रहे।
हनुमान जी की निकाली शोभायात्रा
बैंडबाजों की धुनों पर थिरके श्रद्धालुजन, कई स्थानों पर हुआ स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
फीरोजाबाद। श्री हनुमान जयंती शोभायात्रा समिति के तत्वावधान में केसरी नंदन हनुमान महाराज की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गई। शुभारंभ नारखी ब्लाक के प्रमुख डा. दिनेश यादव ने आरती उतारकर एवं हरी झंडी दिखाकर किया। सदर बाजार स्थित राधाकृष्ण मंदिर से शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाई गई। शोभायात्रा में सबसे आगे ऊंट-घोड़ों के साथ गणेश जी महाराज की झांकी थी। इसके पीछे भगवान श्रीराम, सीता और लक्ष्मण की झांकी, राधाकृष्ण के डोले के साथ मुख्य डोले में हनुमान जी महाराज विराजमान थे। शोभायात्रा नगर के राधाकृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर घंटाघर चौराहा, सदर बाजार, गंज चौराहा, सिनेमा चौराहा, जलेसर रोड, बर्फखाना चौराहा, शिवाजी रोड, डाकखाना चौराहा, कोटला रोड, रामलीला चौराहा होते हुए बड़े हनुमान मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान समिति अध्यक्ष डा. प्रदीप सिंघल, गणेश वार्ष्णेय, अनिल कुमार बंटू, अमन वार्ष्णेय योगी, नवीन आदि मौजूद रहे।
----------------------
मंदिर के स्थापना दिवस पर महाभोज का आयोजन
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। हनुमान जयंती पर लेजर इंटरनेशनल ग्रुप ने महाभोज का अयोजन किया। पूजा ग्लास वर्क्स में आयोजित कार्यक्रम में मंदिर स्थापना का 16वां वर्ष मनाया गया। पंडित अश्वनी कुमार मिश्रा और पंडित अनिल कुमार भारद्वाज ने हवन पूजन के साथ हनुमान जी को भोग लगाया गया। भजन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान उद्योगपति देवीचरन अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल बल्लू, संतोष अग्रवाल, कालीचरन अग्रवाल, छोटेलाल अग्रवाल, उमाशंकर अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह यादव, ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसपी सिंह बघेल, विधायक मनीष असीजा, विधायक ओम प्रकाश वर्मा, डीआईजी अजय मोहन शर्मा, एसपी सिटी संजीव वाजपेयी, सीओ सिटी राजेश चौधरी आदि मौजूद रहे।