बेटी की शादी के लिए रुपये निकालकर ले जा रहे इंजीनियर पिता से बाइक सवार बदमाशों कोटला रोड स्थित बंबा चौराहे के समीप दिनदहाड़े छह लाख रुपये लूट लिए। पीड़ित ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तहरीर ले ली।
रामगढ़ थाना क्षेत्र के गांव हिम्मतपुर निवासी राकेश शर्मा पुत्र रविश चंद्र शर्मा गुंड़गांव स्थित प्राइवेट कंपनी में इंजीनियर है। बुधवार दोपहर करीब तकरीबन एक बजे राकेश बाइक से हाईवे स्थित भारतीय स्टेट बैंक पहुंचे। यहां राकेश के पिता कैप्टन रविश कुमार पहले से ही मौजूद थे। राकेश ने पिता के खाते से तीन लाख रुपये और सेंट्रल बैंक में अपने खाते से 1.50 लाख रुपये निकाले। वहीं 1.50 लाख रुपये राकेश के बैग में पहले से रखे थे। बैंक से निकाले गए रुपयों को भी राकेश ने अपने ही बैग मेें रख लिए और पिता को बाइक पर बैठाकर गांव के लिए चल दिया। बाइक सवार पिता पुत्र बंबा चौराहा के समीप मैरिज होम के समीप पहुंचे, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने राकेश की बाइक में धक्का देकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया। लूट के बाद बदमाश बंबा हाईवे होते हुए सैलई की ओर भागने लगे। राकेश ने पीछा किया, लेकिन वह बदमाशों को पकड़ नहीं सके। इस पर पीड़ित ने शोरगुल करते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बदमाशों की तलाश करते हुए शक के दायरे में आए बदमाशों के यहां दबिश भी दी, लेकिन एक भी बदमाश पुलिस के हाथ नहीं लगा। उधर, पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दस मार्च को आनी है बेटी की बारात
पीड़ित राकेश ने बताया कि दस मार्च को बेटी प्रियंका की बारात आनी है। इसलिए वह छुट्टी लेकर शादी की तैयारियों के लिए बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहे थे।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी कैमरे
वारदात की जानकारी के बाद पुलिस ने बदमाशों की शिनाख्त करने के लिए एसबीआई के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले, लेकिन बदमाशों की तस्वीर साफ नहीं हो सकी। एसपी सिटी उदय शंकर सिंह ने मौके पर जाकर वारदात की जानकारी की। वहीं चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों का रिकार्ड कंट्रोल रूम में देखा।