फिरोजाबाद। स्टेट जीएसटी की टीम ने शनिवार को एक नामी मोटर बाइक डीलरों दो प्रतिष्ठानों पर सर्वे की कार्रवाई की। सर्वे कार्रवाई के दौरान गोल्डन इंटरप्राइजेज के प्रतिष्ठान पर लाखों की जीएसटी चोरी का मामला पकड़ में आया है। डीलर पर लगभग 12.5 लाख का जुर्माना लगा कर मौके पर वसूली की गई।
उपायुक्त एसआईबी (जीएसटी) की टीम ने शनिवार को गोल्डन इंटर प्राइजेज के शिकोहाबाद और फिरोजाबाद स्थित प्रतिष्ठानों पर एक साथ सर्वे की कार्रवाई की। सर्वे कार्रवाई के दौरान गोल्डन इंटर प्राइजेज के प्रतिष्ठान पर मिले कर भुगतान संबंधी दस्तावेजों में बड़ी हेराफेरी मिली। जबकि मौके पर जमा स्टॉक में अंतर पाया गया। उपायुक्त जीएसटी उमाशंकर विश्वकर्मा के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के दौरान डीलर द्वारा गत वर्ष की अपेक्षा इस वित्तीय वर्ष में कर भुगतान में कमी की बात भी सामने आई। डीलर के यहां पर पकड़ी गई कर चोरी के सापेक्ष मौके पर 12.5 लाख रूपये का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माना की राशि मौके पर ही वसूली गई। सर्वे के दौरान असिस्टेंट कमिश्नर डॉ सतीश कुमार सिंह, विनोद कुमार सिंह और सर्वेश कुमार आदि मौजूद रहे। असिस्टेंट कमिश्नर जीएसटी टीम द्वारा डीलर के यहां पर सर्वे की कार्रवाई अभी जारी है।