फिरोजाबाद। गांव रुधऊ के समीप शनिवार को हरे पेड़ काटने जाने की सूचना पर नारखी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पेड़ काट रहे युवकों को पुलिस चौकी पर ले आई। यहां पूछताछ के बाद युवकों को छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि बबूल के पेड़ काटे गए थे। इसलिए उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई।
नारखी क्षेत्र के गांव रुधऊ के समीप खेतों में दोपहर को कुछ लोग हरे पेड़ काट रहे थे। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने ब्रह्मदेव चौकी प्रभारी को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पेड़ काट रहे युवकों को चौकी ले आई। पूछताछ के बाद उनको छोड़ दिया गया। ब्रह्मदेव चौकी प्रभारी अरुण कुमार त्यागी का कहना है कि पेड़ खेत में लगे थे, जिनको काटा गया। काटे गए पेड़ बबूल के थे इसलिए पेड़ों को खेत में ही छोड़ने की बात कही गई है।
पेड़ बबूल के न होकर दूसरे होने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं थानाध्यक्ष नारखी प्रदीप कुमार पांडेय का कहना है कि इस तरह का कोई मामला उनकी संज्ञान में नहीं है और न ही चौकी प्रभारी ने इस बारे में कोई जानकारी दी गई है। जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।