फिरोजाबाद। आईजीआरएस और संपूर्ण समाधान दिवस के मौके पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण का विशेष अभियान शनिवार को जिलेभर में चलाया गया। इसमें कई स्थानों पर अवैध कब्जों को हटवाया।
जिलाधिकारी के निर्देशन में चले अभियान के दौरान ग्रामीण अंचल में अधिकारी दस्तक देते दिखाई दिए।
डीएम रमेश रंजन एवं एसएसपी सौरभ दीक्षित ने आईजीआरएस एवं संपूर्ण समाधान में आने वाली शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर अफसरों को करने के निर्देश दिए।
डीएम के आदेश के बाद जिले की सभी पांचों तहसीलों में अधिकारी टीम एवं पुलिसफोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। इस दौरान कहीं कब्जा की गई जमीन पर खड़ी फसल को तुरंत ही जुतवाने के साथ पीड़ित पक्ष को कब्जा दिलाया गया। तो कहीं चकरोड़ को खाली कराने की कार्रवाई की। इसके साथ न्यायालय के भी मामलों का निस्तारण किया गया।
डीएम ने कहा कि ऐसे मामले जो बार-बार संपूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस एवं न्यायालय के संज्ञान में आते हैं ऐसे मामलो का मौके पर जाकर समाधान करना उचित होगा। इसी कारण पुलिस एवं राजस्व और अन्य अधिकारियों की संयुक्त टीम को इस उद्देश्य से भेजा गया है। जिससे मामलों की सही स्थिति का ज्ञान हो सके और उसका निवारण त्वरित कराया जा सके।
इस मामलों में खासकर सरकारी भूमि से संबंधित अतिक्रमण, निजी सिविल और आपराधिक मुद्दे, भू-माफिया संबंंधी मामलों को रेखांकित किया गया। करीब 50 मामलों का निस्तारण किया गया।