शिकोहाबाद। जिला संयुक्त चिकित्सालय में ईएमओ पद पर तैनात वरिष्ठ चिकित्सक की शनिवार दोपहर भोजन करते समय हृदयगति थम गई। इससे उनकी मौत हो गई। इस घटना से चिकित्सालय स्टाफ में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। वहीं खाने का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
मूलरूप से कानपुर देहात के पुखरायां निवासी डॉ. अभिषेक (42) संयुक्त चिकित्सालय में वर्ष 2019 में तैनात हुए थे। तब से वह यहां पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। दिसंबर माह के अंतिम सप्ताह में उनका एसीएमओ के पद पर प्रमोशन भी हुआ था। वर्तमान में वह अपनी पत्नी डॉ. मीनाक्षी, बेटे आरव एवं मां के साथ रहते थे। उनका एक आवास संयुक्त चिकित्सालय में भी था। यहां रहकर वह अपनी ड्यूटी कर रहे थे। शनिवार दोपहर वह अपने कमरे पर रहकर भोजन कर रहे थे, तभी अचानक उनकी हृदयगति थम गई। उन्हें अन्य चिकित्सकों ने उपचार देकर उनकी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी।
इस घटना से चिकित्सालय स्टाफ में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। वहीं चिकित्सक के कमरे से खाने का सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया गया है। इस दौरान सीएमएस डॉ. आरसी केशव, धनपुरा सीएचसी प्रभारी डॉ. अमित यादव, डॉ. शिव कुमार कर्दम, डॉ. विनीत शुक्ला, डॉ. अरुण यादव, डॉ. अमित यादव, डॉ. श्याम मोहन गुप्ता, डॉ. दीपक तिवारी, जेएस यादव समेत अन्य स्टाफ ने शोक व्यक्त किया।