फिरोजाबाद। शनिवार रात को लालपुर में एक ग्रामीण को गोली मार कर घायल कर दिया। घायल को आगरा रेफर किय?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के लालपुर में शनिवार की शाम को गोली लगने से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया जहां हालत गंभीर होने के कारण उसे आगरा रेफर कर दिया। घायल के भाई के अनुसार वह शनिवार को सुबह जेल से छूटकर आया था।
थाना रसूलपुर क्षेत्र के लालपुर निवासी अशोक कुमार राठौर (45) पुत्र भरत सिंह शनिवार की सुबह जेल से छूटने के बाद अपने घर पर आए थे। शाम वह लालपुर मंडी में इस्माइल के नलकूप के पास से जा रहा था। इस दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन लोगों ने अशोक कुमार पर फायरिंग कर दी। दो गोली लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। फायरिंग की आवाज सुनकर काफी लोग एकत्रित हुए। लोगों ने अशोक के परिजन को सूचना दी। परिजनों के साथ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाई। जिला अस्पताल में तैनात डॉ. सिद्धार्थ यादव ने बताया कि अशोक को आगरा रेफर कर दिया है। घटना की जानकारी होते ही एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, सीओ सिटी डॉ. अरुण कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक रसूलपुर फतेह बहादुर सिंह भदौरिया भी पहुंच गए। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने तत्काल एंबुलेंस के प्रभारी प्रशांत गुप्ता को बुला लिया। एंबुलेंस को मंगाकर घायल को आगरा भेजा।
छेड़खानी में गया था जेल
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि घायल अशोक कुमार युवती से छेड़खानी के मामले में 11 दिसंबर को जेल भेजा गया था। शनिवार को सुबह नौ बजे जेल से छूटा था। परिजनों से बातचीत की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश देने को टीम भेज दी है।