बडे़ मंच पर प्रतिभा की प्रस्तुति, उम्र कम और टैलेंट ज्यादा। तालियों की गड़गड़ाहट और हर ओर वाह-वाही। निगाहें अपने बच्चों पर तो मन में उनके लिए आशीष। एक मिनट में ही पूरा परिसर हंसी के ठहाकों से गूंजा तो अगली प्रस्तुति से मन भाव विभोर हो गया। पंडाल में झांकियां बिखरीं तो लगा कि समूचा भारत मंच पर सिमट गया हो।
बुधवार शाम को मौका था शहर के किड्स कार्नर स्कूल के गोल्डन जुबली समारोह का। शहर की सैकड़ों होनहार प्रतिभाएं और अधिकारी देने वाले स्कूल के समारोह में छात्रों ने समां बांध दिया। एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का आगाज किया। स्कूल के पूर्व विद्यार्थियों ने पिछले पचास साल की यादें ताजा कर दीं। कई प्रांतों की संस्कृति का अनूठा संगम समारोह में दिखा। क्लास फोर सी के दुष्यंत वीर सिंह ने साथियों के साथ ‘शाम शानदार’ की धमाकेदार डांस प्रस्तुति दी तो पंडाल तालियों से गूंज उठा। प्लेवे और एलकेजी के बच्चों ने ‘पार्टी तो बनती है...’ गीत पर प्रस्तुति दी। सालसा और सोलो डांस पर छात्राएं झूमीं। समारोह में पंजाबी नृत्य, गुजराती नृत्य की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की वाहवाही लूटी। बाजीराव मस्तानी के गीत पर प्रस्तुति शुरु हुई तो दर्शक भी बैठे बैठे झूम उठे। कव्वाली और मुशायरे का आयोजन भी किया गया। नृत्य नाटिका से पानी बचाने तो बेटी बचाओ का भी आह्वान किया गया। कॉलेज ने अपनी पिछले 50 वर्ष की यादों को फोटो प्रदर्शनी से यादगार बनाया। देशभक्ति नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। इस दौरान प्रशासक मयंक भटनागर, प्रधानाचार्या रूपाली भटनागर, कुसुम भटनागर, उद्योगपति देवीचरन अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल बल्लू, अल्का अग्रवाल, अभिनव चतुर्वेदी आदि उपस्थित रहे।