एसआरके महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव शुक्रवार को हंगामे के बीच हुआ। समारोह में आए डा. अंबेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति मोहम्मद मुजम्मिल का छात्रों ने जमकर विरोध किया और नारेबाजी की। पुलिस पहुंचने के बाद मामला शांत हो सका।
कालेज और यूनिवर्सिटी की समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राएं खासे आक्रोशित हैं। एसआरके कालेज के अलावा अमरदीप डिग्री कालेज के छात्र भी कुलपति को ज्ञापन देने पहुंचे। जैसे ही कुलपति की गाड़ी कालेज परिसर में पहुंची, वैसे ही छात्रों ने कुलपति वापस जाओ के नारे लगाना शुरू कर दिया। पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और छात्रों को इधर-उधर किया। बाद में कालेज गेट पर पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई। अंदर प्रवेश पर रोक भी लगा दी गई। छात्रों का कहना था कि कालेज में प्राचार्य एवं अन्य स्टाफ नियमित नहीं आता है। खेलकूद गतिविधियां नहीं कराई जाती हैं। महाविद्यालय में कामन रूम की व्यवस्था भी नहीं हैं। पांच वर्षों से पत्रिका का वितरण नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि मार्कशीट में आरडी व एमडब्लू जल्द से जल्द हटाया जाए। वहीं, अमरदीप कालेज के छात्रों का कहना था कि विद्यालय में आज तक शुल्क रसीद नहीं दी गई है। विरोध प्रदर्शन में एबीवीपी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सचिन, वीरेंद्र यादव, विश्वदीप कुमार, सनी, सूरज यादव, राघव, यादवेंद्र, अनुज, अनूप, शिवम आदि लोग उपस्थित रहे।
शिक्षकों में बढ़ी आपसी गुटबाजी
समारोह में प्रोफेसरों में आपसी गुटबाजी देखने को मिली। जब प्रोफेसर एसवी सिंह का नाम कुलपति का स्वागत करने के लिए नहीं बोला गया तो एक गुट गुस्सा होकर अलग कमरे में बैठ गया। इसके बाद कई प्रोफेसर समारोह से उठ कर कॉलेज से बाहर चले गए।