फिरोजाबाद। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और कॅरिअर गाइडेंस नोडल शिक्षकों के दो दिवसीय कॅरिअर गाइडेंस फॉर गर्ल्स प्रशिक्षण शिविर का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत छात्राओं को कॅरिअर संबंधी सुझाव दिए जाने हैं। राजकीय हाईस्कूल सिविल लाइन दबरई में प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेंद्र कुमार, जिला समन्वयक सोनवीर सिंह राठौर और प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने किया। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर राज कपूर और रीना यादव ने विभिन्न कॅरिअर विकल्पों की जानकारी साझा की। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को कॅरिअर चुनने में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने के तरीकों के बारे में बताया। प्रशिक्षण में पंख पोर्टल और यूनिलर्न वेबसाइट के उपयोग की जानकारी दी।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम बच्चों के भविष्य को सही दिशा देते हैं। उन्होंने प्रधानाचार्यों और नोडल शिक्षकों से अपील की कि वे प्रशिक्षण लेकर छात्राओं को सही कॅरियर चुनने में मार्गदर्शन दें।