फिरोजाबाद के थाना उत्तर पुलिस टीम ने 10 हजार रुपये रुपये के इनामी गैंगस्टर संदीप उर्फ कुलदीप उर्फ चोवा को मुठभेड़ में मंगलवार रात गिरफ्तार किया। उसके पैर में गोली लगी है। गैंगस्टर मूलरूप से एटा जिले के चिरगंवा/सिरगंवा, जलेसर का रहने वाला है।
एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 10 हजार रुपये का इनामी गैंगस्टर संदीप उर्फ कुलदीप उर्फ चोवा टापा खुर्द के जंगल में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना उत्तर की पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस को अपनी ओर आता देख आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी संदीप के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी संदीप उर्फ कुलदीप उर्फ चोवा पर विभिन्न थानों में आधा दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा शामिल है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।