शिकोहाबाद। नसीरपुर थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार अभियुक्त पिछले एक वर्ष से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था, जिसके पास से पुलिस ने अवैध असलहा भी बरामद किया है।
इंस्पेक्टर ज्ञानेंद्र सोलंकी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त राजबहादुर उर्फ महीपत निवासी गांव हरिहा ने लगभग एक वर्ष पूर्व अपने साथियों के साथ मिलकर हरिहा के जंगलों में वन विभाग की टीम पर हमला किया था और उनकी सरकारी राइफल छीन ली थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही वह पुलिस के निशाने पर था। पुलिस ने इस गिरोह की आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए 1 जनवरी 2026 को ध्रुव कुमार, राजबहादुर उर्फ महीपत, ब्रजेश, कूका, श्यामवीर, चंद्रेश और राजू के खिलाफ गैस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। राजबहादुर तभी से फरार चल रहा था, जिसके चलते उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। नसीरपुर पुलिस रविवार की रात लाछपुर करनपुर अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वांछित अभियुक्त राजबहादुर को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अतिरिक्त मामला दर्ज किया है। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।