फिरोजाबाद। छह कई साल से टैंकरों से पानी की सप्लाई ले रहे रैपुरा रोड इंद्रा कॉलोनी (सती आश्रम वाली गली) के 70 घरों में शुक्रवार को गंगाजल पहुंचा। नगर आयुक्त के निर्देश पर जलकल विभाग की टीम पेयजल समस्या के निदान में जुटी थी। वार्ड संख्या तीन से जुड़े रैपुरा रोड स्थित सती आश्रम वाली गली को सती आश्रम पानी की टंकी से पानी आपूर्ति होती थी। लेकिन गली के अंतिम छोर पर होने के कारण करीब 70 घरों को बीते छह साल से पानी की किल्लत झेलनी पड़ रही थी। लोग कई सालों से टैंकर के जरिए पानी की भरपाई कर रहे थे। बीते दिन क्षेत्रीय लोगों का एक प्रतिनिधि मंडल नगर आयुक्त से मिला था। समस्या निदान की मांग की थी, जिस पर नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जलकल को समस्या निदान के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के बाद बुधवार को मौके पर पहुंची जलकल विभाग की टीम ने मशक्कत के बाद सती आश्रम के बगल वाली गली में स्थित करीब 70 घरों के पानी कनेक्शन कई वर्ष से बंद खाटू श्याम मंदिर वाली गली की पाइप लाइन से जोड़ दिए। महाप्रबंधक जलकल रामबाबू राजपूत के अनुसार सभी 70 घरों में पानी की सप्लाई पहुंच गई है।