फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर पुलिस ने शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो सवारियों को किराए पर कार में बैठाकर उनके कीमती सामान पर हाथ साफ करता था। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए 60 हजार रुपये, सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल की गई गुप्त कंपार्टमेंट वाली कार बरामद की है।
सीओ सिटी प्रवीण तिवारी ने बताया कि बीती 4 दिसंबर को इंदौर, मध्य प्रदेश के निवासी संतोष कुमार अपनी पत्नी के साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए जनपद आगरा से फिरोजाबाद आ रहे थे। रास्ते में किराए पर ली गई कार में रखे उनके बैग से आभूषण चोरी हो गए थे, जिसकी तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी की जांच में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने फतेहाबाद रोड पर बरी चौराहे के पास से गाड़ी चालक दीपक राजपूत निवासी फतेहाबाद, आगरा, जो कि हाल में किराए पर मकान लेकर छारबाग, रामनगर, थाना लाइनपार में रह रहा था। उसका साथी अरविंद निवासी सेक्टर-2, सुहागनगर, दक्षिण भी इस वारदात में शामिल था। अभियुक्त अरविंद ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने कार की डिग्गी में एक गुप्त कंपार्टमेंट (छिपी जगह) बना ली है, जिसमें पहले से ही वह छिपकर बैठा रहता था। दीपक कार चलाता था। जैसे ही सवारी का बैग या सामान कार की डिग्गी में रखा जाता था, वह गुप्त कंपार्टमेंट से निकलकर कीमती सामान और रुपयों की चोरी कर लेता था। वारदात के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगी कार का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से आभूषण, वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, 2 फर्जी नंबर प्लेटें बरामद की हैं। दोनों अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है, जहां से उनको जेल भेज दिया गया।