नारखी। पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए मोबाइल टाॅवर से बैटरी चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 24 बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल की गई ऑल्टो कार बरामद की है।
पकड़े गए आरोपियों में अवनीत निवासी पलिया दोयम, जसराना शामिल है, जो पहले उसी टावर पर टेक्नीशियन के रूप में काम करता था। करीब 5 महीने पहले उसने नौकरी छोड़ दी थी। उसने साथी कृष्ण कुमार निवासी नगला बेरी, थाना पचोखरा के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। 3 जनवरी को चोरी की वारदात को अंजाम दिया और बैटरियों को वे आगरा के कबाड़ी बृजेश निवासी तुलसीनगर गोबर चौकी, तजगंज, आगरा को बेच आए थे। नारखी इंस्पेक्टर राकेश गिरी और एसओजी प्रभारी प्रेमशंकर पांडेय की टीम ने बृहस्पतिवार को जौंधरी रोड स्थित रुधऊ की पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।