फिरोजाबाद। थाना दक्षिण पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने देशव्यापी ठगी करने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में संजय सिंह सुमन (निवासी करबला, गली नंबर-10), हेमंत कुमार (निवासी पीपल मंडी, करबला), सूरज राठौर (निवासी करबला, गली नंबर-5) और हामिद (निवासी कश्मीरी गेट, थाना रामगढ़) शामिल हैं। इस गिरोह का भंडाफोड़ नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो के नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर दर्ज देशव्यापी शिकायतों के मिलान के बाद हुआ। एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद और इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह के मुताबिक, इस पूरे सिंडिकेट का मुख्य सरगना थाना रामगढ़ इलाके के रहने वाले तीन सगे भाई हैं, जो फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
गिरोह का काम करने का तरीका बेहद शातिराना था ये लोग पीड़ितों को फोन कर उनका परिचित या करीबी रिश्तेदार बनने का नाटक करते थे और एक्सीडेंट या मजबूरी का बहाना बनाकर पैसे ठगते थे। कानून से बचने के लिए ठगी की रकम को सीधे मुख्य खातों में न लेकर पहले कई अलग-अलग कड़ियों वाले बैंक खातों में ट्रांसफर किया जाता था और बाद में उसे कैश निकाला जाता था। समाज की नजरों में खुद को निर्दोष दिखाने के लिए पकड़े गए आरोपी दिन में सामान्य काम करते थे, जिसमें हेमंत टाइल लगाने का काम, सूरज और संजय कांच नगरी में चूड़ी जुड़ाई-छटाई का काम और हामिद दिहाड़ी मजदूरी करता था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी केवल मोहरे थे जो खाते उपलब्ध कराने और रकम निकालने का काम करते थे, जबकि मुख्य नेटवर्क तीनों फरार भाइयों द्वारा ऑपरेट किया जा रहा था जिनकी तलाश तेज कर दी गई है।