फीरोजाबाद। फीरोजाबाद मोटर ट्रांसपोर्ट यूनियन द्वारा रविवार को सुभाष तिराहे पर नितिन गडकरी का पुतला दहन कर नारेबाजी की। ट्रांसपोर्टरों ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो लोडिंग-अनलोडिंग पूरी तरह ठप कर दी जाएगी।
आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर फीरोजाबाद मोटर ट्रांसपोर्ट द्वारा टीडीएस हटाने तथा टोल टैक्स माफ करने के लिए चौथे दिन भी कामबंद हड़ताल रखी। उप्र. उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री मनोज गुप्ता ने कहा कि हमारी मांगें जायज हैं। टोल टैक्स हटाया जाना चाहिए। सचिव किशन यादव ने कहा कि यदि सरकार ने मांगें नहीं मानी तो कल से लोडिंग-अनलोडिंग पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। केंद्र सरकार टोल टैक्स के माध्यम से प्रोजेक्ट निर्माण में व्यय हुई राशि से अधिक की वसूली कर चुकी है। इसके बाद भी केंद्र सरकार का पेट नहीं भर पा रहा है। उन्होंने कहा कि नितिन गडकरी के नाम पर डीएम को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें मांगें रखी जाएंगी। किशन यादव, मनोज गुप्ता, पप्पू, रमाकांत, अजय कौशिक, मनीष अरोरा, सुशील यादव, राकेश सूरी, राजनरायन गुप्ता, राकेश तिवारी, दीपक शर्मा, गोपोश, महेश, संतोष मौजूद थे।