फिरोजाबाद। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा फरवरी में लिए खाद्य पदार्थों के नमूनों की रिपोर्ट आ गई है। इसमें दूध और लाल मिर्च के नमूने प्रयोगशाला ने मानव जीवन के लिए असुरक्षित बताए हैं। विक्रेताओं के खिलाफ मुकदमा दायर करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य विभाग की टीम ने 13 फरवरी को देवेंद्र कुमार से निवासी एटा के गांव बदनपुर काजीपुर के यहां से मिश्रित दूध का नमूना लिया। यह नमूना अद्योमानक एवं असुरक्षित घोषित किया गया। सूर्य नगर बोधाश्रम से लिया लाल मिर्च पाउडर का नमूना जांच में असुरक्षित पाया गया। बालाजी फूड्स प्रोडक्ट्स आगरा से फिरोजाबाद आ रहा चाऊमीन का लिया नमूना भी असुरक्षित मिला। जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि चाऊमीन, मिर्च और दूध के नमूने असुरक्षित पाए गए। इनके खिलाफ मुकदमा दायर कराया जाएगा।