फिरोजाबाद। आश्रम पद्धति विद्यालय कोविड सेंटर में कोरोना संक्रमितों को भर्ती करने की तैयारी पूरी कर ली गई। हालांकि खानेपीने का इंतजाम न होने के कारण शनिवार को संक्रमितों को भर्ती नहीं किया गया। आज से 100 बेड का कोविड सेंटर एटीएस विद्यालय में शुरू हो जाएगा।
कोरोना संक्रमण के कारण स्वास्थ्य विभाग लगातार संसाधनों में बढ़ोत्तरी कर रहा है। आश्रम पद्धति विद्यालय में 100 बेड का कोविड सेंटर बनाया गया है।
यहां संक्रमितों को भर्ती करने की पूरी तैयारी है। विधायक मनीष असीजा, सीएमओ डा. नीता कुलश्रेष्ठ ने आइसोलेशन सेंटर शुरू करने से पूर्व शनिवार को तैयारियों का जायजा लिया। सीएमओ ने बताया कि यहां कम लक्षण वाले संक्रमितों को भर्ती किया जाएगा।
गाइडलाइन के अनुसार 90 से ऊपर ऑक्सीजन लेवल वाले संक्रमितों को ही यहां भर्ती किया जाएगा। डॉ. प्रताप सिंह, डॉ. बीडी अग्रवाल, सहायक प्रभारी शैलेंद्र सिंह मौजूद रहे। वहीं टीबी वार्ड में 40 बेड का आइसोलेशन सेंटर बनाने की तैयारी हो गई है।