फिरोजाबाद। थाना दक्षिण के सिनेमा चौराहे के पास एक मिठाई दुकानदार से बुधवार को कस्टम अधिकारी बनकर सोने की जंजीर, अंगूठी व रुपये पार कर लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। घटना की जानकारी पर पहुंचे व्यापारी नेताओं ने रोष जताया है।
थाना दक्षिण के नई बस्ती नंदराम चौक के निवासी अजय कुमार वार्ष्णेय बुधवार सुबह घर से सदर बाजार के गंज चौराहे के पास स्थित अपनी मिठाई की दुकान पर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि सिनेमा चौराहे के पास एक व्यक्ति ने रोक लिया और कहा कि साहब बुला रहे हैं। वहां पहुंचने पर आरोपी ने खुद को कस्टम अधिकारी बताते हुए चेकिंग की बात कही।
साथ ही उसे बोला कि इस दौरान आप इतने आभूषण पहन कर नहीं घूम सकते। उससे सोने की चेन, अंगूठी और करीब 20 हजार रुपये ले लिया। दुकान पर पहुंचने पर पीड़ित को मामले की जानकारी हुई। इस पर उसने परिजनों व व्यापारी नेताओं को मामले की जानकारी दी। इस पर व्यापार मंडल के महामंत्री सुनील अग्रवाल, युवा अध्यक्ष आसिम खान के साथ अन्य नेता भी पहुंच गए।
सभी ने मौके पर जाकर देखा तो आरोपी वहां नहीं थे। सूचना मिलते ही एसएचओ दक्षिण प्रमोद मलिक व एसएसआई मोहम्मद उमर फारुक फोर्स के साथ पहुंचे व जांच पड़ताल की। उन्होंने आस-पास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। सूत्रों के अनुसार एक मेडिकल संचालक की दुकान पर लगे कैमरे में आरोपी कैद हो गया है। पीड़ित ने थाना पुलिस को तहरीर दी है। एसएचओ प्रमोद मलिक ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।