फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Firozabad News: डंपर ने पूर्व प्रधानाचार्य दंपती को रौंदा, 50 मीटर तक घसीटा

Tue, 20 Jan 2026 12:03 AM IST
आगरा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद
विज्ञापन
सांकेतिक  - फोटो : सांकेतिक
विज्ञापन
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। एटा चौराहे पर सोमवार दोपहर मिट्टी से भरे एक अनियंत्रित डंपर ने स्कूटी सवार वृद्ध दंपती को रौंद दिया। डंपर दंपती को करीब 50 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। मृतक परिवार सपा संरक्षक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के करीबी रिश्तेदार थे। मृतक के एक भाई भुजवीर सिंह जसवंत नगर से जिला पंचायत सदस्य भी हैं।
विज्ञापन


शिकोहाबाद की प्रोफेसर कॉलोनी निवासी रघुवीर सिंह यादव (70 वर्ष) आदर्श कृष्ण इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य थे। सोमवार दोपहर करीब पौने दो बजे अपनी पत्नी कमला देवी (65 वर्ष) के साथ दवा लेने निकले थे। दोपहर दो बजे के करीब जब वे स्कूटी से एटा चौराहे के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद भी चालक ने डंपर नहीं रोका और 50 मीटर से अधिक तक दोनों को स्कूटी सहित घसीटता ले गया। राहगीरों ने शोर मचाकर और वाहन चालकों ने अपने वाहन डंपर के सामने लगाकर उसे रोका। भीड़ दंपती को पहियों के बीच से निकालने में जुटी। डंपर चालक को भी दबोच लिया। मृतक रघुवीर सिंह का परिवार मूल रूप से जसवंत नगर (इटावा) का रहने वाला है। उनके छोटे भाई भुजवीर सिंह वर्तमान में जसवंत नगर से जिला पंचायत सदस्य हैं। एक भाई बलवीर सिंह यादव ठेकेदार हैं। भतीजा कौशलेंद्र यादव यूपी पुलिस में इंस्पेक्टर के पद पर शामली में तैनात है।





हादसे के बाद लगा जाम, चालक फरार

हादसे के बाद एटा चौराहे पर करीब आधे घंटे तक जाम लगा रहा। इंस्पेक्टर मक्खनपुर प्रभारी चमन शर्मा और ट्रैफिक इंस्पेक्टर हेमेंद्र कुमार ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जाम खुलवाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा गया। इधर, सूचना मिलते ही मृतक के परिवार के लोग भी पहुंच गए।
विज्ञापन




दिल्ली से बेटा रवाना, परिवार में मातम

मृतक दंपती का इकलौता बेटा राहुल दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत है और एनजीओ चलाता है। हादसे के वक्त वह इंदौर में था। माता-पिता की मौत की खबर सुनते ही वह अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ फिरोजाबाद के लिए रवाना हो गया है। रघुवीर सिंह 2005 में सेवानिवृत्त हुए थे, जबकि उनकी पत्नी कमला भी एक निजी स्कूल में प्रधानाचार्य रह चुकी थीं।



खनन और ओवरलोडिंग के खेल ने ली दंपती की जान

जिले में फलफूल रहे खनन और ओवरलोडिंग के जानलेवा कारोबार को इस हादसे ने बेनकाब कर दिया है। मिट्टी से लदे जिस डंपर ने स्कूटी सवार दंपती को 50 मीटर तक घसीटा, वह फिरोजाबाद की सड़कों पर रोजाना दौड़ने वाले उन सैकड़ों खनन वाले वाहनों में से एक था, जिन पर पुलिस, प्रशासन और परिवहन विभाग लगाम कसने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। जिले में चल रहे खनन के खेल में पड़ोसी जनपद आगरा के एक रसूखदार जनप्रतिनिधि से जुड़े व्यक्ति की सक्रियता चर्चा का विषय है। हाल ही में खनन में संलिप्त एक वाहन ने जिले के एक विधायक की गाड़ी तक में टक्कर मार दी थी, विधायक ने खूब हल्ला मचाया, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें भी शांत कर दिया। प्रशासन द्वारा 2 मीटर तक मिट्टी खुदाई के लिए दी गई रियायत का फायदा उठाकर माफिया जेसीबी मशीनों से रात-दिन अवैध खनन कर रहे हैं।
विज्ञापन


शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। डंपर चालक के खिलाफ तहरीर मिलने पर प्राथमिकी सुसंगत धाराओं में दर्ज की जाएगी।

- अरुण कुमार चौरसिया, सीओ शिकोहाबाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें