फिरोजाबाद: टूंडला क्षेत्र में स्टेशन के निकट ट्रेन रोकी ट्रेन, इंजन में लगी गोली
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। दहशतगर्दों ने अब तक रेल पटरी को उखाड़ने, गैस कटर से पटरी काटने, बैंड क्लिप को हटाने और कोहरे के मौसम में रेल चालकों व गार्डों के साथ लूटपाट की घटना को तो कई बार अंजाम दिया है, लेकिन चलती ट्रेन पर फायरिंग करने की घटना पहली बार सामने आई है। बदमाशों ने मालगाड़ी पर फायरिंग करके रेल प्रशासन ही नहीं आम पब्लिक में भी दहशत का माहौल बना दिया है।
बृृहस्पतिवार को सुबह डीएफसीसी कॉरिडोर पर मालगाड़ी पर फायरिंग की घटना ने इस बात को साफ कर दिया है। अभी तक बीते सालों के आंकड़ों पर नजर डालें तो कई बार मालगाड़ी के चालक व गार्डों के साथ लूटपाट की घटना हो चुकी हैं। इसके अलावा बदमाश वंदे भारत सहित कई ट्रेनों पर पथराव कर चुके हैं। इस रेल खंड में रेल पटरियों को उखाड़ना, ट्रेन को गिराने के लिए रेल पटरी काटना और बैंड क्लिप को रातोंरात हटाने की घटनाओं को अंजाम दिया है, लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है, जब किसी ट्रेन पर फायरिंग की घटना हुई है।
इस घटना ने रेल प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए सोचने पर मजबूर कर दिया है। रेलवे के जानकार बताते हैं कि अक्सर ऐसी घटनाएं कोहरे के मौसम में हुआ करती हैं, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है। रेल प्रशासन को ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए सोचना चाहिए। ये घटना रेल एवं पुलिस प्रशासन के सामने सुरक्षा के बड़े सवाल खड़े कर रही है।
ट्रेन पर फायरिंग के पीछे ये हो सकते हैं कारण
यूं तो ट्रेन पर फायरिंग करने के पीछे क्या हो सकता है इसकी पुलिस टीमें जांच कर रहीं हैं। फिर भी ट्रेन पर फायरिंग को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। अधिकारियों व लोगों का मानना है कि इस घटना के पीछे कुछ ठोस कारण अथवा अराजक नवयुवकों की करतूत भी हो सकती है। फिलहाल कुछ कारणों पर पुलिस जांच कर रही है।
किसान आंदोलन पर सरकार को मजबूर करने का तरीका।
रेल चालक दल की किसी से पुरानी रंजिश।
मालगाड़ी में रखे हुए माल को लूटने का इरादा।
बदमाशों द्वारा दहशत फैलाने का उद्देश्य।