जलेसर रोड पर बिकती खुले में रखी मिठाई। संवाद।
फिरोजाबाद। दिवाली के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह सुस्त पड़ गया। भाई दूज पर न मिठाई दुकानों की जांच हुई, न अस्थायी स्टॉलों पर बिक रही मिठाइयों की गुणवत्ता परखी गई। इससे बाजार में सिंथेटिक रंगों वाली, खराब खोया व पुराने तेल से बनी मिठाइयों की धड़ल्ले से बिक्री हुई।
दिवाली से एक दिन पहले तक विभाग छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई करता दिखा। बड़े दुकानदारों से सैंपल नहीं लिए गए, न फुटपाथों पर बिकती मिठाइयों पर रोक लगी। भाई दूज पर मिठाइयों की अधिकतम खपत के बावजूद विभाग ने जिम्मेदारी नहीं निभाई, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी फैली।
चौराहों पर बिना पैकिंग बिकी मिठाइयां
शहर के प्रमुख चौराहों व बाजारों में ढकाव व पैकिंग के बिना मिठाइयां खुलेआम बिकीं। पान-गुटखा दुकानों पर भी अस्थायी काउंटर सजाए गए। इनमें कृत्रिम रंग, खराब खोया व पुराना तेल इस्तेमाल होने की आशंका है, लेकिन कोई निगरानी नहीं हुई।
विभाग का दावा-सबकुछ ठीक
सहायक आयुक्त चंदन पांडेय ने कहा कि दिवाली पर अभियान चलाकर मिलावटखोरों को चेतावनी दी गई। कई जगह मिठाई व मावा नष्ट कराया। अब जिले में सबकुछ नियंत्रण में है।