जसराना। जसराना के गांव पैढ़त में प्रतिवर्ष माघ माह में लगने वाले जखई महाराज के मेले में रविवार को आस्था और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। माघ माह के प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को हजारों की संख्या में लोग पूजा-अर्चना करने आते हैं। शनिवार देर शाम से मंदिर में भक्तों का आना शुरू हो गया। जो रविवार देर शाम तक जारी रहा। भक्तों का मानना है कि जखई महाराज उनकी हर मनोकामना की पूर्ति करते हैं।
जसराना के गांव पैढ़त में मौजूद जखई मंदिर में रविवार को सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जहां उन्होंने जखई महाराज के दर्शन कर मनौती मांगी। उत्तर प्रदेश के पूर्वोतर के जनपदों के साथ दिल्ली, बिहार, मध्यप्रदेश के कई जनपदों से श्रद्धालु पहुंचे। किसी ने बच्चों का मुंडन कराया तो कोई विवाह होने के बाद पहली बार दर्शन करने पहुंचा। इस दौरान लोगों ने कहा जखई महाराज सभी की मनोकामना पूरी करते हैं। जखई मेले में उमडने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा चाक चौबंद व्यवस्थाएं की गई। वाहनों को मंदिर से काफी पहले ही खडा कराया गया। मेला प्रबंधक विवेक पालीवाल ने बताया कि शनिवार की देर सायं से लेकर रविवार की सायं तक मंदिर में भक्तों की भीड़ लगी रही। सभी भक्तों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शनों की व्यवस्था की गई है।