फिरोजाबाद। भूमि विवाद को लेकर हाईकोर्ट में विचाराधीन मुकदमे में राजीनामा न करने पर पिता-पुत्र समेत पांच लोगों ने युवक को अगवा कर पीटा। बाद में छोड़ कर भाग गए। पीड़ित ने रसूलपुर थाने में आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई।
मटसेना थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी युवक राम नरेश के अनुसार उसके पिता की भूमि को लेकर गांव के ही रनवीर आदि से विवाद चल रहा है। मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। इसके बाद भी मटसेना के गांव बिलहना निवासी चुन्नीलाल ने कुछ दिन पहले कुछ लोगों को यह भूमि बेच दी। चुन्नीलाल, उसका बेटा लाखन सिंह, मलखान, अनुज कुमार, गुलशन कुमार और उसका बहनाेई उस पर रनवीर के पक्ष में जबरन राजीनामा कराने का दबाव बना रहे थे। इससे उनका परिवार काफी समय से भयभीत है। 22 सितंबर को वह शहर में मजदूरी करने जा रहा था। इस बीच खंजापुर गांव की मरघटी के पास आरोपी ने उसे पीटा। गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी उसे गाड़ी में अगवा कर घुमाते रहे। पुलिस के पीछा करने की सूचना पर खंजापुर में छोड़ कर भाग गए। पीड़ित ने मंगलवार को रसूलपुर थाने में आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। इंस्पेक्टर रसूलपुर भागवत सिंह ने बताया कि मारपीट का मामला है। पिता-पुत्र समेत पांच आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी लिख कर कार्रवाई की जा रही है।
-
छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
फिरोजाबाद। लाइनपार थाना क्षेत्र के गांव नगला गिरधारी में घर में कूड़ा फेंकने को लेकर दो परिवारों में मारपीट हो गई। घटना में तीन लोग घायल हो गए। मामले में आधा दर्जन आरोपितों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
नगला गिरधारी निवासी सुखवीर सिंह ने बताया कि गांव में उसके पुराने घर में पड़ोसी अनूप और उसके परिवार के लोग कूड़ा फेंकते हैं। इसका उनके भतीजे तलफ ने विरोध किया तो 25 सितंबर को अनूप कुमार से उसकी कहासुनी हो गई। स्थानीय लोगों ने मामले को रफा-दफा करा दिया था, तब अनूप ने तलफ को देख लेने की धमकी दी थी। उसी दिन शाम को फिर अनूप कुमार, हृदेश कुमार, अमन कुमार, रवि कुमार, सुधीार, सुमित ने उसके घर में घुस कर तलफ और मां शारदा देवी से गाली गलौज करते हुए पीटा। उनकी चीख पुकार सुन कर उसकी पत्नी पूजा अपनी देवरानी रत्नेश और शारदा के साथ पहुंची। रत्नेश मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने लगी तो आरोपितों ने मोबाइल छीन कर फेंक दिया। इसके बाद वे देख लेने और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घटना में तलफ, शारदा देवी और पूजा घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों का ट्रामा सेंटर पर डॉक्टरी परीक्षण कराया। एसओ सचिन कुमार ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी लिखकर कार्रवाई की जा रही है। संवाद