सर्वे के नाम पर गैस उपभोक्ताओं से उगाही कर रहे पांच पकड़े
- फोटो : अमर उजाला
सर्वे के नाम पर गैस उपभोक्ताओं से उगाही करते समय पांच युवकों को नई बस्ती के लोगों ने पकड़ लिया। पकडे़ गए युवकों को दक्षिण पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस युवकों से पूछताछ कर रही है।
दक्षिण कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती में मंगलवार को पांच युवक गैस उपभोक्ताओं का सर्वे कर प्रत्येक उपभोक्ता से 150 रुपये वसूल कर रहे थे। रुपये नहीं देने पर धमकी दी जा रही थी कि अगले माह सिलेंडर नहीं मिलेगा। इससे उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया। कई उपभोक्ताओं ने युवकों को 150 रुपये भी दे दिए। मामले की जानकारी पर पूर्व सभासद देश दीपक यादव ने पांचों युवकों को क्षेत्रीय लोगों की मदद से पकड़ लिया और पूछताछ की। युवकों ने बताया कि वह गैर जनपद के है। शहर की दो गैस एजेंसियों के सर्वे करने के लिए आए हैं। इसमें गैस पाइप आदि को चेक करना है लेकिन युवक गैस एजेंसियों से संबंधित कागज नहीं दिखा सके। इस पर क्षेत्रीय सभासद लोगों की मदद से युवकों को पकड़कर दक्षिण थाने ले गए और पुलिस को सौंप दिया। कोतवाल दक्षिण का कहना है कि युवकों से पूछताछ की जा रही है। यदि वह दोषी होते हैं जेल भेजा जाएगा।