फिरोजाबाद। प्रदेश के मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने शुक्रवार यमुना नदी स्थित चंद्रवार घाट पर दो लाख छोटी मछली (अंगुलिकाएं) को छोड़ा। मंत्री ने कहा, यह पहल प्रदेश सरकार द्वारा ‘रिवर हैचिंग’ कार्यक्रम के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य नदी की जैव विविधता को संरक्षित करना और मछुआरा समुदाय के जीवन स्तर को सुधारना है।
मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि प्रदेश सरकार की यह पहल मछुआरा समाज की आजीविका में सुधार लाने के लिए है।
नदियों में विभिन्न प्रजाति के मछलियों के बीज को इसलिए छोड़ा जाता है ताकि मछलियों की संख्या और गुणवत्ता में सुधार हो सके। इससे मछली उत्पादन में वृद्धि होगी। नदी की जैव विविधता का संरक्षण हो सकेगा।
मछुआरा समुदाय की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। नदी जल की गुणवत्ता में सुधार होगा।
इस दौरान उपनिदेशक मत्स्य डॉ. हरेंद्र प्रसाद, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मत्स्य गौरव सिंह, मत्स्य निरीक्षक कौशलेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।