फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में आरोपियों ने किसान को ठगी का शिकार बनाया। आरोपियों ने पहले तो आर्मी कैंटीन का ठेका दिलाने के नाम पर दो बार में छह लाख रुपये ले लिए। तगादा करने पर फर्जी नियुक्तिपत्र दे दिया। कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बिलहना, फतेहपुर आनंदी निवासी मुन्नेश ने बताया कि इंद्रजीत उर्फ भोला, दयाशंकर, प्रमोद (फौजी) निवासी गांव गंगाराम पुरी थाना पिनाहट जिला आगरा ने 17 नवंबर 2023 को आर्मी में कैंटीन का ठेका दिलाने का लालच देकर 14 नवंबर 2023 को 4.31 लाख रुपये नकद, 1.69 लाख रुपये इंद्रजीत के खाते ले लिए। ठेका नहीं मिलने पर दिए गए रुपयों के एवज में सरकारी कैंटीन में नौकरी लगवाने की बात कही। 23 अक्तूबर 2024 को कूटरचित नियुक्ति पत्र किसी गौरव कुमार नाम का दिया और कहा कि इस व्यक्ति के नाम से नौकरी कर लो। उनके खिलाफ आगरा के पिनाहट थाने में भी ठगी का मुकदमा दर्ज है। पीड़ित ने कोर्ट के माध्यम से बसई मोहम्मदपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।