टूंडला। एटारोड पर बुधवार सुबह एटा से मां के साथ ससुराल आ रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गया। मौके पर पहुंचे परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां से उसे आगरा रेफर कर दिया। एटा के थाना जलेसर अंतर्गत गांव दिलोखरा निवासी आशीष बघेल अपनी मां कमलेश के साथ बाइक से थाना पचोखरा के गांव सिकरारी निवासी मौसा भगवानदास के घर आया था। वह सुबह आठ बजे करीब वापस घर जाने के लिए मां के साथ बाइक से निकला था। वह सिकरारी के पास एटारोड पर पहुंचे तभी पीछे से अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आशीष गंभीर घायल हो गया। वहीं, मां के मामूली चोट आईं हैं।
जानकारी मिलते ही रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए तथा टूंडला अस्पताल लाए। जहां उसकी हालत चिंताजनक होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।