114, यमुना में डूबे युवक की फोटापरिजन
टूंडला। यमुना के गार्डन पुल पर मंगलवार शाम आगरा क्षेत्र के एक युवक ने अज्ञात कारणों से छलांग लगा दी। थाना नगला सिंघी व फतेहाबाद की पुलिस पहुंच गई। अंधेरा होने पर पुलिस ने सुबह युवक की तलाश करने की बात कही। बुधवार सुबह गोताखोरों के न आने पर गुस्साए परिजन ने गार्डन पुल पर जाम लगा दिया।
आगरा के थाना फतेहाबाद के गांव पारौली सिकरवार निवासी 20 वर्षीय आकाश मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे करीब गार्डन पुल पर पहुंचा। यहां उसने परिजन को फोन करते हुए यमुना में छलांग लगाने की बात कही। परिजन ने उसे रोका, किंतु उसने पुल से छलांग लगा दी। मौके पर पहुंचे परिजन ने पुलिस को सूचना देते हुए यमुना में उसकी तलाश की, किंतु उसका कोई पता नहीं चला।
पुलिस ने सुबह गोताखोरों के पहुंचने पर फिर से खोज करने की बात कही। बुधवार सुबह परिजन दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे गए, किंतु पुलिस और गोताखोरों के न पहुंचने पर आक्रोशित परिजन ने सड़क पर एक वाहन तिरछा खड़ा कराते हुए जाम लगा दिया। इस जाम के कारण नगला सिंघी क्षेत्र और फतेहाबाद क्षेत्र से आने-जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नगला सिंघी पारुल मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे बाद गोताखोर टीम के पहुंचने और उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह घटना थाना फतेहाबाद क्षेत्र की है और उस क्षेत्र की पुलिस इस पूरे मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। गोताखोरों की ओर से युवक की तलाश जारी है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
आकाश के चाचा राजकुमार ने बताया कि आकाश उनके साथ ट्रक चलाता था। वह मंगलवार सुबह आवश्यक काम की कहकर घर से निकला था और शाम को घटना की सूचना मिली। राजकुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगला सिंघी क्षेत्र के एक गांव में उसके साथ मारपीट की गई और फिर उसे यमुना में फेंक दिया गया है।