टूंडला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अंतिम चरण में है। उद्घाटन से पहले ही यात्रियों के लिए नए भवन से आवागमन शुरू कर दिया गया है। इससे यात्रियों को प्लेटफार्म तक पहुंचने में सुविधा मिली है।
टूंडला। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बीते दो सालों से चल रहा पुनर्विकास कार्य अंतिम पायदान पर है। रेलयात्रियों के लिए नए स्टेशन के रूप में भले ही सुविधाओं सहित अभी सौगात नहीं मिली है, किंतु उद्घाटन से पूर्व रेलयात्रियों का मुख्य भवन से आवागमन शुरू गया दिया है। इससे यात्रियों को दुर्गंधयुक्त रास्ते से प्लेटफर्माें तक जाने का रास्ता सुगम हो गया है।
विज्ञापन
टूंडला रेलवे स्टेशन प्रयागराज मंडल के माॅडल रेलवे स्टेशनों में शुमार है। इस रेलवे स्टेशन को अमृत भारत रेलवे स्टेशनों की श्रेणी में भी शामिल किया गया था। इसके लिए 41 करोड़ रुपयों से पुनर्विकास का कार्य किया जा रहा है। बीते दो सालों से यह कार्य अनवरत जारी है। इस स्टेशन को हाईटेक रेलवे स्टेशन बनाने के प्रयास अपने अंतिम चरणों में हैं। नए स्टेशन भवन के साथ ही टिकट, विंडो, आरक्षण कार्यालय, पूछताछ कार्यालय, एसी वेटिंग रूम समेत अन्य कई कार्यालय पूर्ण हो चुके हैं। रेलवे स्टेशन का नया प्रवेश द्वार तैयार हो चुका है। इस प्रवेश द्वार को रेलवे ने काफी आकर्षक बनाया है। कुछ भवन का हिस्सा व सभी स्टेशनों को जोड़ने वाला नया ओवरब्रिज लाइनों के ऊपर शेष भर रह गया है। रेलवे के सूत्र बताते हैं कि हालांकि अभी इस योजना के तहत कई कार्य ऐसे हैं, जो पूर्ण होने शेष हैं। जिन्हें जल्द ही पूर्ण कर लिया जाएगा। जल्द ही नए भवन में टिकट घर, आरक्षण विंडो, पूछताछ केंद्र भी शिफ्ट हो जाएंगे। इस बीच रेलवे ने भले ही नए स्टेशन का अभी उद्घाटन नहीं किया है, किंतु इस नए भवन से यात्रियों का आवागमन शुरू करा दिया गया है। इससे यात्रियों को प्लेटफार्मों तक आने जाने में सहुलियत मिल रही है।
वर्जन
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत टूंडला स्टेशन का तेजी से पुर्नविकास कार्य हो रहा है। प्रवेश द्वार सहित लगभग सभी प्रस्तावित कार्यालय बनकर तैयार हो चुके हैं। कुछ कार्य बाकी है। उद्घाटन सारा कार्य होने पर होगा। यात्रियों की सुविधा के लिए नए प्रवेश द्वार से आवागमन शुरू करा दिया गया है।