फिरोजाबाद। थाना दक्षिण पुलिस ने गोदाम से चोरी किए जा रहे सामान के मामले का खुलासा करते हुए नामजद आरोपी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर 20 कट्टे फार्च्यून बेसन बरामद किए हैं। इनका कुल वजन करीब 400 किलोग्राम है। चोरी की शिकायत गोदाम संचालक ने थाने में तहरीर देकर की थी।
आर्चिड ग्रीन निवासी शैलेंद्र साहनी के गोदाम में फार्च्यून कंपनी का बेसन, रिफाइंड सरसों का तेल, साबुन समेत अन्य सामान रखा था। पीड़ित के मुताबिक, गोदाम की चाबी उसके नौकर लीलू शर्मा के पास रहती थी। आरोप है कि पिछले करीब छह माह के दौरान गोदाम से सामान चोरी किया जाता रहा। तहरीर में लीलू शर्मा, उसके भाई मनु शर्मा और सामान ढोने के लिए आने वाले टिर्री चालक लक्ष्मी नारायण राठौर पर चोरी में शामिल होने का आरोप लगाया गया था। चोरी का सामान बिकवाने में एक अन्य व्यक्ति के सहयोग का भी आरोप लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, बुधवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए लक्ष्मी नारायण राठौर निवासी गली नंबर तीन गल्ला मंडी को एक बाल अपचारी के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर फूलबाड़ी, संतनगर स्थित घर से चोरी किए गए 20 कट्टे बेसन बरामद किए। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि बाल अपचारी के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र पाल सिंह, उपनिरीक्षक अर्जुन राठी और कांस्टेबल जीतेश कुमार शामिल रहे।