फिरोजाबाद। शहर के वार्ड संख्या 20 स्थित सती आश्रम पर नवनिर्मित हरित शवदाह गृह के उद्घाटन से पहले ही शिलान्यास पट्टिका को तोड़े जाने के मामले में नगर निगम प्रशासन ने बृहस्पतिवार को सपा पार्षद मनोज शंखवार के खिलाफ थाना उत्तर में तहरीर दी।
तहरीर में आरोप है कि सती आश्रम में बने हरित शवदाह गृह पर नगर विकास मंत्री एके शर्मा और महापौर कामिनी राठौर के नाम की शिलान्यास पट्टिका लगी हुई थी। बुधवार को इस शिलापट्टिका को तोड़ दिया गया। जांच के दौरान इस मामले में वार्ड 20 के क्षेत्रीय पार्षद मनोज शंखवार का नाम सामने आया। घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने निर्माण विभाग को तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए थे। आदेश का अनुपालन करते हुए सहायक अभियंता निर्माण प्रेमपाल सिंह ने थाना उत्तर पुलिस को पार्षद मनोज शंखवार के खिलाफ तहरीर सौंपी है। नगर निगम के एक्सइएन निर्माण विजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पट्टिका तोड़ने के मामले में पार्षद के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि नगर निगम प्रशासन की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की पड़ताल की जा रही है, जांच के बाद सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।