शिकोहाबादफोटो-01-तकनीकी खामियों की वजह से डिपो में खड़ीं रोडवेज बसें। संवाद
शिकोहाबाद। रोडवेज बस डिपो में लगभग 16 बसों का संचालन फिलहाल में बाधित है। कुछ तकनीकी खामियों की वजह से बसें डिपो में ही खड़ी हैं। डिपो के अधिकारी इन बसों को नीलामी प्रक्रिया में शामिल होने का दावा कर रहे हैं। इन बसों के स्थान पर दूसरी बसों को मंगाने के लिए मांग पत्र आरएम इटावा के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा।
शिकोहाबाद के रोडवेज बस डिपो में वर्तमान में कुल 90 बसें मौजूद हैं। इसमें से 16 बसों का संचालन वर्तमान में तकनीकी खामियों की वजह से बाधित है। ऐसे में सिर्फ 74 बसें ही विभिन्न रूटों पर संचालित हो रही हैं। इसमें यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिल रही है। 16 बसें जो तकनीकी खामियों की वजह से संचालित नहीं हो पा रही हैं। उन बसों को डिपो में ही रोक दिया गया है। रोडवेज बस डिपो के सूत्रों का दावा है कि यह बसें नीलामी प्रक्रिया में शामिल हैं। इसके साथ ही यह बसें 2011, 13 एवं 14 मॉडल की हैं। जिन्होंने नियमानुसार 10 वर्ष और 11 लाख किमी. की यात्रा पूर्ण कर ली है। ऐसे में इन बसों में कमियां आने की वजह से इनके संचालन को बंद कर दिया गया है। जिनके स्थान पर दूसरी बसों को मंगवाने के लिए मांग पत्र डिपो के अधिकारियों की ओर से क्षेत्रीय प्रबंधक इटावा को भेजा गया है। जहां से वह मांग पत्र शासन को भेजा जाएगा। शासन से अनुमति मिलने के बाद डिपो में कुछ और नई बसों का इजाफा होगा।
डिपो में वर्तमान में कुल 16 बसें नीलामी प्रक्रिया में शामिल हैं। यदि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इनकी मरम्मत होती है, तो पुनः इनको संचालित किया जाएगा। अन्यथा इन्हें नीलामी प्रक्रिया में शामिल किया गया है। दूसरी बसों के लिए मांग पत्र तैयार करके भेजा जा रहा है।
प्रेमपाल, एआरएम, शिकोहाबाद